Helpline +919415567039 || so.up@smarthindustan.news

Updated Sun, 16 May 2021 11:35 PM

किशोरी से छेड़खानी मामले में 19 दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी

जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र) : स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मूक बधिर किशोरी के साथ छेड़खानी मामला में 19 दिन बाद पुलिस ने गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज की। किशोरी के पिता ने घोरावल कोतवाली में तहरीर दिया कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री जन्म से गूंगी व बहरी है। बीते 26 अप्रैल 2021 की शाम को गांव में ही एक दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए गई थी। घर वापस लौटने के दौरान एक व्यक्ति रास्ते में उसे अकेला पाकर हाथ पकड़कर खींचने लगा और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उधर से गुजर रहे गांव के कुछ लोगों ने उसकी पुत्री को बचाया। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने बर कन्हरा गांव निवासी दीना पुत्र शारदा बैसवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

घरों में पढ़ी गई ईद की नमाज, कोरोना से निजात के लिए उठे हाथ

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जिले में शुक्रवार को अकीदत व एहतराम के साथ ईद का पर्व मनाया गया। कोविड के चलते लोगों ने सतर्कता बरती। मस्जिदों व इदगाहों में महज पांच-पांच लोग ही नमाज में शामिल हो सके। अधिकतर लोगों ने घरों में ईद की नमाज अदा कर कोरोना से निजात की दुआ की। पर्व को लेकर सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। राब‌र्ट्सगंज ईदगाह में तफज्जुल हुसैन ने नमाज पढ़ाई। यहां महज पांच लोग ही नमाज में शामिल हुए। राब‌र्ट्सगंज स्थित जामा मस्जिद, नई बस्ती मस्जिद व पूरब मोहाल मस्जिद में भी पांच-पांच लोग नमाज में शामिल हुए। नमाज के दौरान राब‌र्ट्सगंज तहसील क्षेत्र में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी सदर डा. केपी पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर राजकुमार त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा व चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मुस्ताक खान ने बताया कि पूर्व में ही सभी को अवगत करा दिया गया था कि ईद की नमाज सभी लोग अपने घरों में अदा करेंगे।

गरीबों व मजदूरों में राहत सामग्री का वितरण

जासं, सोनभद्र : समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओ ने शुक्रवार को कोरोना नियमों का पालन करते हुए दैनिक मजदूरों के बीच राहत सामाग्री का वितरित किया। जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि गरीब व मजदूर काम न मिलने से परेशान हो गए हैं। बढ़ती महंगाई से स्थिति और भी खराब होती जा रही है। प्राइवेट हास्पिटल में 500 रुपये की पर्ची बनाई जा रही है। वहीं दवा के दाम भी आसमान छू रहे हैं। सासंद, विधायक, चेयरमैन कोई भी सड़क पर उतरकर जनता की समस्याओं से अवगत नहीं हो रहा है। इस मौके पर पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी, गोपाल गुप्ता, मोती कोल आदि रहे।